पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख इमरान खान की रिहाई को लेकर उनकी पार्टी लगातार अपनी आवाज बुलंद कर रही है। पिछले महीने राजधानी इस्लामाबाद में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया गया था। वहीं एक बार फिर से पार्टी प्रदर्शन का मूड बना रही है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पार्टी के तेजतर्रार और कद्दावर नेता अली अमीन गांदापुर ने पूर्व इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ और अधिक प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
अली अमीन ने उपमहाद्वीप में एक ऐतिहासिक लड़ाई का जिक्र करते हुए कहा कि हम पानीपत की लड़ाई की तरह हमले जारी रखेंगे। उन्होंने खान की रिहाई की मांग को लेकर 24 नवंबर को इस्लामाबाद में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी द्वारा किए गए मार्च का जिक्र करते हुए यह बात कही। अली अमीन ने कहा कि हमने अभी तक सिर्फ पांच हमले किए हैं और बाकी हमले भी जारी रखेंगे।